
उदय सिंह
बिलासपुर – चकरभाठा थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ चाकू की नोक पर लूट की वारदात सामने आई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने युवक से मारपीट कर नकदी और स्कूटी की लूटकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुनील यादव निवासी मेन रोड, खदान के पास धमनी ने चकरभाठा थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुनील यादव ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम सेवार में रहता है और सिरगिट्टी स्थित नर्मदा कोल्ड्रिंक में हाउस कीपिंग का काम करता है। 16 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी स्कूटी क्रमांक CG 10 ED 9432 से काम खत्म कर गांव सेवार लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल सवार तीन युवक पहुंचे और उसे जोरदार थप्पड़ मार दिया, जिससे वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गया। इसके बाद तीनों युवक मोटरसाइकिल रोककर नीचे उतरे और उससे रुपये, मोबाइल व अन्य सामान निकालने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने जब पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार एक आरोपी ने कमर से बड़ा चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर लगा दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच दूसरे आरोपी ने उसकी जेब में रखे 395 रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने मोबाइल मांगा, लेकिन पीड़ित ने मोबाइल नहीं होने की बात कही। इसके बाद भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, आंख के पास मुक्का मारा और स्कूटी की चाबी लेकर वाहन ले जाने लगे। कुछ दूरी जाने के बाद तीनों आरोपी दोबारा लौटे और पीड़ित को पकड़कर जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी दौरान नगपुरा की ओर से एक तेज रोशनी वाली कार आती दिखाई दी, जिसे देखकर आरोपी घबरा गए और रुपये व स्कूटी लेकर सिरगिट्टी थाना आने की बात कहते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित डरा-सहमा धमनी पहुंचा, जहां उसे एक परिचित मिला। उसके मोबाइल से डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। अगले दिन पीड़ित अपने साथी के साथ थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।चकरभाठा पुलिस ने अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5), 309(6) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है।