
उदय सिंह
बिलासपुर – एनटीपीसी में नौकरी लगवाने और नेताओं से ऊंची पहुंच होने का झांसा देकर बेरोजगार युवकों से लाखों रुपये ऐंठने वाले आरोपी को मोपका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लोगों से कुल करीब 2.13 लाख रुपये लेने के साथ उनके शैक्षणिक प्रमाण पत्र भी अपने पास रख लिए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मोपका चौकी पुलिस के अनुसार, लगरा निवासी रथ लाल लहरी ने 14 सितंबर को लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह 12वीं और आईटीआई तक पढ़ा है। वर्ष 2025 में गांव के ही सुमित केंवट 28 वर्ष ने उससे कहा था कि नेताओं से उसकी अच्छी जान-पहचान है और वह एनटीपीसी में उसकी नौकरी लगवा देगा। इसके लिए तत्काल 50 हजार रुपये की जरूरत बताई गई। भरोसे में आकर रथ लाल ने 34 हजार रुपये फोन-पे के जरिए दे दिए। साथ ही आईटीआई और स्कूल के प्रमाण पत्र भी सौंप दिए। जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह फरहदा निवासी विमल केवट से 65 हजार, कंचनपुर निवासी ईश्वर केवट से 50 हजार, संजय केवट से 40 हजार और लगरा निवासी सूर्य प्रकाश केवट से 24 हजार रुपये नौकरी लगाने के नाम पर लिए थे। शिकायत पर मोपका चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 1322/26 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने ठगी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।