
रमेश राजपूत
बिलासपुर – विश्व हृदय दिवस के अवसर पर रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड द्वारा मंगलवार को व्यापार विहार स्थित हाउस ऑफ पिकल में ‘HEART IN MOTION – Move Together, Live Healthier’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनिश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वस्थ और तनावमुक्त जीवनशैली का संदेश देते हुए सकारात्मक सोच के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वे तनाव को खुद पर हावी नहीं होने देते और हमेशा मुस्कुराते रहने का प्रयास करते हैं। उनकी सहज और सकारात्मक कार्यशैली कार्यक्रम में मौजूद सदस्यों के लिए प्रेरणा का विषय रही।
स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में एलीट हॉस्पिटल के सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव लोचन भांजा ने हृदय को स्वस्थ रखने के लिए नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलने, नियमित व्यायाम करने, धूम्रपान से दूरी बनाए रखने तथा नमक और चीनी का सीमित सेवन करने की बात कही। साथ ही समय-समय पर ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच कराने पर भी जोर दिया।डायटीशियन मयूरी कनूजा ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने दैनिक खान-पान में पौष्टिकता और संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के वरिष्ठ सदस्यों के साथ नए सदस्य भी शामिल हुए। आयोजन एलीट मेडसिटी के हेल्थकेयर पार्टनर और हाउस ऑफ पिकल के फिटनेस पार्टनर के सहयोग से संपन्न हुआ। क्लब अध्यक्ष रोटे. प्रमोद अग्रवाल और सचिव रोटे. रौनक साव सहित क्लब के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई।