
रमेश राजपूत
बिलासपुर – घर की छत पर लगा सोलर संयंत्र अब बिजली बिल से राहत देने के साथ अतिरिक्त कमाई का जरिया भी बन रहा है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थी जयंत सरकार ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि सोलर संयंत्र लगने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है और अब तक ढाई हजार रुपये की अतिरिक्त कमाई भी हुई है।उनकी यह सफलता योजना के फायदे समझने के लिए दूसरे उपभोक्ताओं के लिए प्रेरणादायक बनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत लखीराम अग्रवाल स्मृति ऑडिटोरियम में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नागरिकों से सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना आज की जरूरत और भविष्य के लिए लाभकारी निवेश है। इससे घरेलू बिजली खर्च कम करने के साथ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है। उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि घरों से लेकर उद्योगों तक बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सूर्य की ऊर्जा बिजली उत्पादन का बेहतर विकल्प बनकर उभरी है। नई तकनीक अपनाने में शुरुआत में कुछ आशंकाएं हो सकती हैं, लेकिन समय के साथ आगे बढ़ने के लिए तकनीक से जुड़ना जरूरी है। सोलर संयंत्र से अपनी जरूरत की बिजली तैयार करने के साथ अतिरिक्त बिजली से आमदनी भी प्राप्त की जा सकती है।
जिले में 100 करोड़ रुपये की सब्सिडी

सीएसईबी के कार्यपालन निदेशक ए.के. अंबष्ट ने बताया कि बिलासपुर जिले में योजना के तहत अब तक लगभग 100 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा चुका है। इसमें केंद्र सरकार के 72 करोड़ और राज्य सरकार के 28 करोड़ रुपये शामिल हैं। केंद्र और राज्य की सहायता से उपभोक्ताओं को दोहरी सब्सिडी का लाभ मिल रहा है। अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े ने बताया कि जिले में 46 हजार सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य है। इसके विरुद्ध लगभग 13 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं और साढ़े सात हजार संयंत्र लगाए जा चुके हैं। योजना के तहत एक किलोवॉट पर 45 हजार, दो किलोवॉट पर 90 हजार और तीन किलोवॉट पर एक लाख आठ हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है।
10 गांवों को सोलर ऊर्जा से जोड़ने की तैयारी
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि जिले के 10 गांवों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। शहर का पॉम एन्क्लेव पूरी तरह सोलर ऊर्जा से जुड़ चुका है, जो दूसरे आवासीय क्षेत्रों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने अधिकाधिक परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में सौर ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वहीं, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे ने सोलर संयंत्रों के उचित रखरखाव पर ध्यान देने की बात कही।
हितग्राहियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में जयंत सरकार, सरोज तिवारी, लक्ष्मी देवी लहरे, गायत्री ठाकुर और प्रतिभा शुक्ला सहित दो दर्जन हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, वेंडर्स और बैंकिंग सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह और नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित बड़ी संख्या में उपभोक्ता, वेंडर्स और बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।

