
उदय सिंह
बिलासपुर – सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना में गंभीर रूप से झुलसे 76 वर्षीय बुजुर्ग विश्राम केंवट की गुरुवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। अपने ही पिता पर लोहे के हथियार से हमला करने और पेट्रोल डालकर आग लगाने के आरोपित बेटे की इस हैवानियत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से ही बुजुर्ग जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट 76 वर्ष अपने घर में अकेले रहते थे। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें देखभाल और खेती-बाड़ी के काम में परेशानी होती थी। इसी वजह से उन्होंने अपनी बेटी दुरपति बाई और उसके परिवार को अपने साथ रखा था, ताकि उनकी देखभाल और खेती का काम हो सके।बताया जा रहा है कि बुधवार को उनका बेटा आशाराम केंवट निवासी ग्राम बरेली (सीपत) लोहे का हथियार और पेट्रोल लेकर सेलर पहुंचा था। यहां किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि आशाराम ने पहले लोहे के हथियार से पिता पर हमला किया और फिर उनके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। बुजुर्ग को आग की लपटों में घिरा छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया। पिता को जलता देख बेटी दुरपति बाई ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसे विश्राम केंवट का उपचार जारी था, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। बेटे द्वारा पिता को जिंदा जलाने और अंततः उनकी मौत की खबर से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। वारदात के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।