
उदय सिंह
बिलासपुर – हत्या के प्रयास और बलवा के गंभीर मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को मल्हार पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। मुखबिर से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। आरोपियों के खिलाफ अन्य मामलों में लंबित चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 मार्च 2021 की है। ग्राम बिनेका में ओमप्रकाश कुर्रे, उसके पुत्र लव कुर्रे और राजेश कुर्रे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामेश्वर कोसले एवं अन्य लोगों के साथ हत्या की नीयत से मारपीट की थी। इस दौरान आरोपियों ने बलवा करते हुए पीड़ितों को गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। घटना की रिपोर्ट पर थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 94/2021 दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की थी। हालांकि, घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार हो गए थे।
मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में चौकी मल्हार पुलिस की विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने तत्काल गोपनीय तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी और ओमप्रकाश कुर्रे 55 वर्ष, उसके पुत्र लव कुर्रे 30 वर्ष तथा राजेश कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के विरुद्ध वर्ष 2018 के अन्य मामलों में भी चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट लंबित थे। गिरफ्तारी के दौरान इन वारंटों की भी तामिली की गई। पुलिस ने आरोपियों को चौकी मल्हार लाकर वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया। पांच साल से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को मल्हार पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।