
रमेश राजपूत
बिलासपुर – बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में बच्ची के कथित एक्सीडेंट को लेकर जमकर विवाद और हिंसा हुई। बाइक की चपेट में आने से बच्ची के घायल होने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बाइक सवार युवकों को घेर लिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और आगजनी में बदल गया। आरोप है कि 15 से 20 पुरुषों और महिलाओं की भीड़ ने युवकों के साथ मारपीट कर उनकी मोटरसाइकिलों में आग लगा दी और तोड़फोड़ कर करीब पांच लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज किया है। वहीं, वाहनों में आगजनी करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम उडगन निवासी 19 वर्षीय प्रिंस गेंदले ने शिकायत दर्ज कराई है कि 10 नवंबर को वह अपने साथियों के साथ गोढ़ी निवासी दोस्त शुभम दुबे के बुलाने पर गौरा-गौरी एवं लक्ष्मी विसर्जन कार्यक्रम देखने पहुंचा था। शाम करीब छह बजे शुभम की किराना दुकान के पास से लौटते समय 9-10 साल की एक बच्ची अचानक उनकी मोटरसाइकिल के पास आकर बीच में बैठे पीयूष गेंदले के पैर से टकराकर गिर गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने एक्सीडेंट का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और युवकों को दौड़ाने लगे। आरोप है कि पीछे आ रहे आयुष, आदित्य और दीपेंद्र को ग्रामीणों ने पकड़कर मारपीट की। इसकी जानकारी मिलने पर उडगन से अन्य युवक पहुंचे और डीएवी स्कूल के सामने बाइक खड़ी कर साथियों को बचाने गए। वहां मिडिल स्कूल के पास 15-20 पुरुष और महिलाएं उन्हें भी घेरकर हाथ-मुक्के और लात से मारने लगे। जान से मारने की धमकी देते हुए युवकों को जमीन पर पटककर पीटा गया। प्रिंस का आरोप है कि भीड़ ने आयुष की बुलेट सहित कई मोटरसाइकिलों में आग लगा दी और तोड़फोड़ की। घटना में उसे सीने और पीठ में अंदरूनी चोट आई, जबकि उसके अन्य साथियों को भी चोटें आई हैं। बिल्हा पुलिस ने अज्ञात 15-20 पुरुषों एवं महिलाओं के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(3), 296, 326(फ) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई
एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि घटना में दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले दर्ज किए गए हैं। वाहनों में आगजनी करने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।