
रमेश राजपूत
बिलासपुर – कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर ग्रामीणों से लाखों रुपये जमा कराने और फिर चिटफंड कंपनी बंद कर फरार होने के मामले में मोपका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड के डायरेक्टर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने करीब 24 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया था। पुलिस ने कंपनी से संबंधित बॉन्ड पेपर, रसीद और पासबुक भी जब्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीपत निवासी तीरथ राम रात्रे ने चौकी मोपका में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2012-13 के दौरान ताराचंद पाटले ने अपने साथी वसंत यादव, डेरहा प्रसाद कांत, रतन कुर्रे और अन्य लोगों के साथ मिलकर प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड के नाम से चिटफंड कंपनी संचालित की थी। कंपनी के संचालकों ने आसपास के ग्रामीणों को छह साल में जमा रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। उनके झांसे में आकर प्रार्थी और उसके परिचितों ने कंपनी में लगभग 24 लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद कंपनी संचालक कंपनी बंद कर रकम लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मोपका चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 1668/26 के तहत धारा 420, 34 आईपीसी एवं छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम (PDI Act) की धारा 10 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर सहित संबंधित आरोपियों को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी :-
डेरहा प्रसाद (58), निवासी कुटीपर, मोपका।
ताराचंद पाटले (56), निवासी पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
बसंत यादव (70), निवासी खरौद, जिला जांजगीर-चांपा।
रतन लाल कुर्रे (55), निवासी पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।