
रमेश राजपूत
बिलासपुर – समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही बिलासपुर जिला प्रशासन ने अवैध धान के संग्रहण और कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। उपार्जन केंद्रों में दूसरे स्रोतों से खरीदे गए धान को खपाने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने जिलेभर में निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने सात अलग-अलग ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए कुल 200.40 क्विंटल धान जब्त किया है। इस कार्रवाई से धान कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इससे पहले अवैध रूप से धान का भंडारण कर उसे किसानों के नाम पर उपार्जन केंद्रों में खपाने की संभावनाओं को रोकने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संबंधित विभागों को सख्त निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदारों के नेतृत्व में गठित जांच टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान संग्रहण स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान चकरभाठा में शुभम हरियाणी के नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल और श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसी तरह कोटा के वार्ड क्रमांक-1 स्थित जय भगवान अग्रवाल की श्रीराम राइस मिल से सर्वाधिक 50.40 क्विंटल तथा ग्राम गतौरा के अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल धान बरामद किया गया। बेलगहना में नवीन अग्रवाल के विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल, ग्राम किरारी के राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल और मझवानी, दारसागर स्थित जागेश्वर प्रसाद जायसवाल के पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल धान जब्त किया गया। सभी सातों ठिकानों से जब्त धान के मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
प्रशासन की कारोबारियों को दो टूक
धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध धान के कारोबार पर अंकुश लगाने की बड़ी पहल माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान का अवैध संग्रहण, परिवहन और कारोबार करने वाले व्यक्तियों, व्यापारियों एवं संस्थानों पर लगातार नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।