
रमेश राजपूत
बिलासपुर – न्यायधानी में दोपहिया वाहन चोरी की लगातार वारदातों को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का सरकंडा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घूमकर दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद पुलिस से बचने के लिए वाहनों की आगे और पीछे लगी नंबर प्लेट निकालकर फेंक देते थे और फिर उनका खुद इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने मामले में एक वयस्क आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। उनकी निशानदेही पर चार चोरी की दोपहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के मुताबिक, टिकरापारा निवासी अमन सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे उन्होंने अपनी होंडा एक्टिवा (क्रमांक CG-10-BD-5560) राजकिशोर नगर स्थित नेचुरल सैलून के सामने खड़ी की थी। दोपहर करीब दो बजे लौटने पर वाहन गायब मिला। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1737/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिरों को सक्रिय करने के बाद संदेह के आधार पर लक्की शर्मा उर्फ प्रिंस 18 वर्ष और एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों शुभम साहू, राज चौहान, मंथन और जादू के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया।
चार थाना क्षेत्रों से उड़ाए थे वाहन
आरोपियों की निशानदेही पर अटल आवास के पास छिपाकर रखे गए चार वाहन बरामद किए गए। इनमें राजकिशोर नगर से चोरी की गई एक्टिवा, सिरगिट्टी मुक्तिधाम के सामने से चोरी की गई केटीएम, कोतवाली क्षेत्र के हैप्पी स्ट्रीट से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस और तारबाहर जिला अस्पताल पार्किंग से चोरी की गई नीले रंग की एक्टिवा शामिल है। पुलिस ने संगठित रूप से गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम देने के मामले में प्रकरण में बीएनएस की धारा 112 और 3(5) भी जोड़ दी है। गिरफ्तार आरोपी लक्की शर्मा को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, लक्की शर्मा के खिलाफ पहले भी चोरी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। गिरोह के चार अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।